रेडमी का सबसे पावरफुल गेमिंग स्मार्टफोन टर्बो 5 लॉन्च:मीडियाटेक डाइमेंसिटी 8500 अल्ट्रा प्रोसेसर और 50MP कैमरा; शुरुआती कीमत ₹35,999

टेक कंपनी शाओमी की सब-ब्रांड रेडमी ने आज भारत में अब तक अपना सबसे पावरफुल गेमिंग स्मार्टफोन रेडमी टर्बो 5 लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे अब तक का सबसे फास्ट और पावरफुल मिड-रेंज रेडमी फोन बताया है। फोन मीडियाटेक डाइमेंसिटी 8500-अल्ट्रा चिपसेट के साथ आया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी 7540mAh की बड़ी बैटरी है, जो कंपनी के दावे के मुताबिक, सिंगल चार्ज पर 2 दिन से ज्यादा का बैकअप दे सकती है। फोन हैवी गेमिंग और मल्टीटास्किंग के लिए हाई-परफॉर्मेंस डिवाइस तलाश करने वाले यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है। रेडमी टर्बो 5: शुरुआती कीमत ₹35,999 फोन को दो वैरिएंट में पेश किया गया है। इसके 8GB रैम और 256GB स्टोरेज वैरिएंट की कीमत ₹37,999 रखी गई है, लेकिन ₹2000 के बैंक ऑफर डिस्काउंट के बाद इसे ₹35,999 की शुरुआती कीमत पर खरीदा जा सकता है। वहीं, इसके टॉप वैरिएंट 12GB रैम और 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत ₹38,999 है। लॉन्च ऑफर्स के तहत SBI, ICICI या एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड EMI पर ₹2,000 का इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट मिलेगा। इसके अलावा 9 महीने तक की नो-कॉस्ट EMI का ऑप्शन भी है। फोन की सेल भारत में 19 जून से शुरू होगी। इसे शाओमी की ऑफिशियल वेबसाइट, रिटेल स्टोर्स और ई-कॉमर्स वेबसाइट से खरीदा जा सकेगा। यह वनप्लस नॉर्ड 6 और वीवो V70 FE जैसे स्मार्टफोन्स को टक्कर देगा। डिजाइन: एयरोस्पेस-ग्रेड मेटल फ्रेम और पिक्सल मैट्रिक्स रिंग लाइट डिजाइन के मामले में यह फोन काफी प्रीमियम फील देता है। फोन के दोनों तरफ (फ्रंट और बैक) ग्लास फिनिश दी गई है, जिससे हाथ में पकड़ने पर इसकी ग्रिप और इन-हैंड फील काफी स्मूद लगती है। बड़ी बैटरी होने के बावजूद फोन की मोटाई सिर्फ 8.18mm है। इसके बैक पैनल पर कैमरे के पास रेडमी पिक्सल मैट्रिक्स रिंग लाइट्स दी गई हैं, जो कॉल, म्यूजिक, गेमिंग और नोटिफिकेशन आने पर अलग-अलग कलर में चमकती हैं। मजबूती के लिए इसमें एयरोस्पेस-ग्रेड मेटल फ्रेम लगाया गया है और फ्रंट में कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7i का प्रोटेक्शन मिलता है। फोन में नीचे की तरफ टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट, सिम ट्रे और स्पीकर ग्रिल दिए गए हैं, जबकि साइड में पावर बटन और वॉल्यूम रॉकर्स (स्विचेस) मिलते हैं। पानी और धूल से सुरक्षा के लिए इसे IP66, IP68, IP69 और IP69K की ऑल-राउंड रेटिंग मिली है, जो इसे पूरी तरह सुरक्षित बनाती है। रेडमी टर्बो 5: स्पेसिफिकेशंस डिस्प्ले: फोन में 6.59 इंच की 1.5K एमोलेड स्क्रीन दी गई है। यह डिस्प्ले 12-बिट कलर सपोर्ट, 3500 निट्स की पीक ब्राइटनेस और 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है। गेमिंग को स्मूद बनाने के लिए इसमें 2560Hz का इंस्टेंट टच सैंपलिंग रेट है। आंखों की सेफ्टी के लिए 3840 हर्ट्ज PWM डिमिंग और TUV रीनलैंड ट्रिपल सर्टिफिकेशन दिया गया है। फ्रंट में बेहद पतले बेजल्स के साथ बीच में पंच-होल सेल्फी कैमरा मिलता है। कैमरा: फोटोग्राफी के लिए इसके बैक पैनल पर डुअल कैमरा सेटअप है। प्राइमरी कैमरा OIS यानी ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन और EIS सपोर्ट के साथ 50MP का सोनी IMX882 सेंसर है, जिससे 60fps पर 4K वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है। इसके साथ 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा दिया गया है। सेल्फी के लिए फ्रंट में 20MP का कैमरा मिलता है। इसमें मूविंग ऑब्जेक्ट्स की तेज फोटो खींचने के लिए 'टर्बो स्नैप' और AI इरेज व AI एक्सपैंड जैसे फीचर्स शामिल हैं। परफॉर्मेंस: इसमें मीडियाटेक डिमेंसिटी 8500 अल्ट्रा प्रोसेसर दिया गया है, जो 4nm तकनीक पर बेस्ड है और इसकी क्लॉक स्पीड 3.4GHz है। इसमें LPDDR5X अल्ट्रा रैम और UFS 4.1 स्टोरेज मिलती है। कंपनी का दावा है कि इसका AnTuTu स्कोर 23 लाख से ज्यादा है। गेमिंग के दौरान फोन को ठंडा रखने के लिए इसमें 3D आइसलूप कूलिंग सिस्टम, वाइल्डबूस्ट ऑप्टिमाइजेशन और गेम टर्बो मोड दिया गया है। यह फोन शाओमी के हाइपरओएस पर चलता है, जिसमें 4 साल के एंड्रॉएड अपडेट और 6 साल के सुरक्षा अपडेट मिलेंगे। बैटरी और चार्जर: पावरबैकअप के लिए फोन में 7540mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। इसके साथ रिटेल बॉक्स में ही 100W का हाइपरचार्ज फास्ट चार्जर मिलता है। यह फोन को 30 मिनट में 51% और करीब 70 मिनट में फुल चार्ज कर देता है। इसमें 27W की वायर्ड रिवर्स चार्जिंग भी है, जिससे आप दूसरे फोन या गैजेट्स चार्ज कर सकते हैं। अन्य फीचर्स: कनेक्टिविटी के लिए यह वाई-फाई 7, ब्लूटूथ 6.0, IR ब्लास्टर और ऑफलाइन कम्युनिकेशन को सपोर्ट करता है। इसमें 3.5mm का ऑडियो जैक नहीं मिलता है, लेकिन बेहतर साउंड के लिए डॉल्बी एटमॉस सपोर्ट वाले डुअल स्टीरियो स्पीकर्स दिए गए हैं, जो 200% तक वॉल्यूम आउटपुट दे सकते हैं। साथ ही इसमें सर्किल टू सर्च और गूगल जेमिनी AI जैसे एडवांस फीचर्स भी इन-बिल्ट हैं।

from टेक - ऑटो | दैनिक भास्कर https://ift.tt/mWYE4bT

Post a Comment

Previous Post Next Post