वॉट्सएप में 14 दिन आगे का मैसेज शेड्यूल कर सकेंगे:प्राइवेट और ग्रुप चैट दोनों में काम करेगा; टेक्स्ट, फोटो और वीडियो भेज सकेंगे

व्हाट्सएप में मैसेज शेड्यूल करने का फीचर रोलआउट हो गया है। इससे अब आप अपना मैसेज लिखकर पहले से तय कर सकेंगे कि वह किस दिन और किस समय भेजा जाए। यह सुविधा प्राइवेट और ग्रुप चैट दोनों में काम करेगी। इसकी मदद से आप 10 मिनट से लेकर 14 दिन तक आगे की तारीख के लिए कोई भी मैसेज शेड्यूल कर सकेंगे। यह फीचर मैसेज में टेक्स्ट, फोटो या वीडियो के लिए काम करेगा। कंपनी का कहना है कि यह फीचर आने वाले हफ्तों में धीरे-धीरे सभी के लिए एक्टिव हो जाएगा। टेक्स्ट के साथ फोटो और वीडियो भी होंगे शेड्यूल यह फीचर सिर्फ टेक्स्ट मैसेज तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें फोटो और वीडियो भी शेड्यूल किए जा सकेंगे। उदाहरण के तौर पर, आप किसी प्राइवेट चैट में फोटो के साथ बर्थडे विश शेड्यूल कर सकते हैं या ग्रुप चैट में किसी वीडियो को बाद में भेजने के लिए सेट कर सकते हैं। मैसेज डिलीवर होने के बाद सामने वाले व्यक्ति को यह बिल्कुल किसी आम व्हाट्सएप मैसेज जैसा ही दिखाई देगा। रोजमर्रा में यह फीचर कैसे काम आएगा? यह फीचर कई मौकों पर काफी काम आ सकता है। मान लीजिए आपको देर रात याद आता है कि अगली सुबह किसी को परीक्षा के लिए ऑल द बेस्ट कहना है, तो आप मैसेज अभी लिखकर सुबह के लिए सेट कर सकते हैं। इसी तरह, अगर आप चाहते हैं कि किसी दोस्त को उसके टाइम जोन के हिसाब से ठीक रात 12 बजे जन्मदिन की बधाई मिले या किसी ग्रुप को किसी कार्यक्रम से ठीक पहले रिमाइंडर भेजा जाए, तो यह काम आसानी से हो जाएगा। फोन बंद हो या बैटरी खत्म हो जाए तो क्या होगा? व्हाट्सएप के मुताबिक, अगर आपका फोन स्विच ऑफ है या उसकी बैटरी खत्म हो गई है, तब भी शेड्यूल किया गया मैसेज तय समय पर डिलीवर हो जाएगा। यानी अगर आपने अगली सुबह के लिए कोई मैसेज सेट किया है और रात में फोन की बैटरी खत्म हो जाती है, तब भी मैसेज जाने में दिक्कत नहीं आएगी। कंपनी ने यह भी साफ किया है कि शेड्यूल किए गए मैसेज भी व्हाट्सएप के बाकी पर्सनल मैसेज की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेंगे। व्हाट्सएप का कहना है कि वह शेड्यूल मैसेज के कंटेंट को पढ़ नहीं सकता। क्या शेड्यूल मैसेज को कैंसिल या डिलीट कर सकते हैं? हां, यूजर्स के पास यह सुविधा भी रहेगी। व्हाट्सएप आपको उन मैसेज की लिस्ट देखने देता है, जिन्हें आपने शेड्यूल करके रखा है, और भेजने से पहले उन्हें डिलीट किया जा सकता है। अगर आपने किसी ग्रुप के लिए कोई रिमाइंडर शेड्यूल किया है और बाद में प्लान बदल जाता है, तो तय समय से पहले उस पेंडिंग मैसेज को हटाया जा सकता है। एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन क्या होता है? इसका मतलब है कि भेजने वाले के डिवाइस से निकलने के बाद मैसेज एक सुरक्षित कोड में बदल जाता है और सिर्फ रिसीवर के डिवाइस पर ही पढ़ा जा सकता है। बीच में नेटवर्क या कंपनी के सर्वर पर भी कोई इसका असली मजमून नहीं पढ़ सकता।

from टेक - ऑटो | दैनिक भास्कर https://ift.tt/XUyWIc2

Post a Comment

Previous Post Next Post